जल-जंगल-जमीन के रक्षक धरती आबा बिरसा मुंडा को खरसिया ने किया नमन
ग्राम नगोई में धूमधाम से मनी 151वीं जयंती, आदिवासी लोकनृत्य और पारंपरिक संस्कृति की छटा ने बांधा समां; शिक्षा, सामाजिक एकता और अधिकारों के संरक्षण का दिया संदेश

खरसिया। महान स्वतंत्रता सेनानी, जननायक एवं आदिवासी समाज के गौरव धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती खरसिया ब्लॉक के ग्राम नगोई में 15 नवंबर को हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले भगवान बिरसा मुंडा को इस अवसर पर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों, बुद्धिजीवियों तथा बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुषों और युवाओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के बैगा एवं अतिथियों द्वारा ठाकुर देव चौक में स्थापित देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ महतारी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। आदिवासी परंपरा के अनुरूप अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पीला गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया।
पारंपरिक लोकनृत्य और संस्कृति की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे आदिवासी समाज के भाई-बहनों एवं युवा साथियों ने अपनी पारंपरिक कला, लोकनृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा और लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की सराहना की।
शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से ही होगा समाज का सर्वांगीण विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धरमजयगढ़ विधायक श्री लालजीत सिंह राठिया ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद आज भी हमारे बेटे-बेटियां शिक्षा से जुड़ी अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें ज्ञान के प्रकाश की ओर आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है। शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे समाज विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
जनपद सदस्य श्रीमती कविता राठिया ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में निरंतर जनजागृति के कार्यक्रम आयोजित करना समय की आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, अधिकारों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना होगा। बच्चों और युवाओं को उचित मार्गदर्शन देकर समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
श्री भैया लाल राठिया ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने पर जोर देते हुए कहा कि रूढ़िवादी सोच और सामाजिक कुरीतियां युवा पीढ़ी की प्रगति में बाधक बनती हैं। समाज को सकारात्मक एवं दूरदर्शी विचारधारा अपनाकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
वहीं श्री चेतन राठिया ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धरती आबा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और समाज के हित में एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। जल, जंगल और जमीन हमारी पहचान हैं तथा पूर्वजों की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने आदिवासी समाज से अपने अधिकारों, स्वाभिमान और गौरवशाली संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव जागरूक एवं संगठित रहने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर धरमजयगढ़ विधायक श्री लालजीत सिंह राठिया, छाल सरपंच श्री निलांबर सिंह राठिया, जनपद सदस्य श्रीमती कविता राठिया, श्री शौकी लाल नेताम, श्री संतराम खूंटे, श्री संतोष मरकाम, श्री चेतन राठिया, श्री संजय राठिया, श्री प्रेम सिंह राठिया, श्री मनबहाल राठिया, श्री मान सिंह कंवर, श्री हरिलाल पटेल, श्री कुशल प्रसाद राठिया, श्री पवन कुमार राठिया, श्री अंकित राठिया, श्री भैया लाल राठिया एवं श्री रामदयाल राठिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संरक्षक के रूप में श्री मनबहाल सिंह राठिया, श्री कुशल प्रसाद राठिया, श्री प्रेम सिंह राठिया, श्री चंद्रेश राठिया एवं श्रीमती फूलकुमारी राठिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आदिवासी समाज के बैगा श्री वीर सिंह राठिया एवं उनके सहयोगी श्री मंगल राठिया ने देवी-देवताओं की पारंपरिक पूजा-अर्चना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्री अक्षय कुमार राठिया, श्री कृष्णा राठिया, श्री लीला प्रसाद राठिया एवं श्री चेतन राठिया द्वारा किया गया।
इसके अतिरिक्त श्री राजेन्द्र प्रसाद, बसिया राम, रोशन लाल, जन्मजय, योगेंद्र राठिया, राम मिलन राठिया, देवनंदन, रामगोपाल, नारायण सिंह, काशी, हेमलाल, रामावतार, रामलाल, हरीलाल, मानिकराम, केशव राठिया, मनाराम, सुखीराम, दुसीराम, निरंजन, काशीराम, मालता, धरालाल, रामायण, हृदय, राजकुमार एवं लाकेश्वर राठिया सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने ग्रामवासियों का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में श्री चंद्रेश राठिया ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, सामाजिक पदाधिकारियों, ग्रामीणों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं कार्यक्रम आयोजन समिति बरगढ़ खोला (खरसिया) की ओर से ग्राम पंचायत नगोई के समस्त ग्रामवासियों का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिन्होंने आयोजन की मेजबानी कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती का यह आयोजन आदिवासी एकता, सामाजिक जागरूकता, शिक्षा के महत्व और अपनी गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।




