निजी परिवहन चालकों के हक की लड़ाई होगी तेज, 19 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर के चालक भरेंगे हुंकार

Must Read

निजी परिवहन चालकों के हक की लड़ाई होगी तेज, 19 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर के चालक भरेंगे हुंकार

BPTMM के बैनर तले होगा देशव्यापी महाधरना, चालक कल्याण बोर्ड, 20 लाख के दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और अवैध वसूली पर रोक सहित 18 मांगों को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान करेंगे आकर्षित

 

रायपुर। देशभर के निजी परिवहन चालकों के अधिकार, सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक भविष्य को लेकर भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध इंडस्ट्रियल फेडरेशन भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ (BPTMM) ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। महासंघ के नेतृत्व में आगामी 19 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में देशव्यापी चालक महाधरने का आयोजन किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से हजारों निजी परिवहन चालक शामिल होकर अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।

 

महासंघ का कहना है कि परिवहन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार को इस क्षेत्र से भारी राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन दिन-रात सड़कों पर मेहनत करने वाले चालकों को आज भी सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, बीमा और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। चालकों को RTO एवं पुलिस विभाग की कथित अवैध वसूली और उत्पीड़न जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर शौचालय, विश्राम गृह, कैंटीन और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की कमी भी उनकी प्रमुख समस्याओं में शामिल है।

 

18 सूत्रीय मांगों को लेकर दिल्ली में होगा शक्ति प्रदर्शन

 

महासंघ ने केंद्र सरकार के समक्ष निजी परिवहन श्रमिकों के हित में 18 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें निजी परिवहन श्रमिकों के लिए प्राइवेट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर बोर्ड का गठन, ऑटो-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण में आवश्यक बदलाव तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चालकों के लिए विश्राम गृह, शौचालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करना प्रमुख हैं।

 

इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर ड्यूटी के दौरान रहने वाले चालकों को पोस्टल बैलेट से मतदान की सुविधा, निजी परिवहन क्षेत्र में एक राष्ट्र-एक कर व्यवस्था तथा ओला, उबर और रैपिडो जैसी कंपनियों द्वारा व्यावसायिक यात्री सेवाओं में कथित तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे अवैध सफेद नंबर प्लेट वाले वाहनों पर रोक लगाने की मांग की गई है।

 

महासंघ ने कर्मल नियामुद्दीन की पुण्यतिथि 6 फरवरी को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस घोषित करने, निजी वाहनों के लिए वार्षिक टोल टैक्स व्यवस्था लागू करने तथा किफायती चालक बीमा योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये और पूर्ण विकलांगता की स्थिति में 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई है।

 

चालकों एवं उनके परिवारों को 10 लाख रुपये तक के चिकित्सा बीमा कवरेज वाला आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने, RTO एवं पुलिस की कथित अवैध वसूली और उत्पीड़न पर रोक लगाने, बेरोजगार चालकों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत वाहन खरीदने के लिए ऋण सुविधा देने तथा पेट्रोल, डीजल एवं गैस की कीमतों में चालकों को विशेष रियायत देने की मांग भी शामिल है।

 

इसी तरह ऑटो-रिक्शा चालकों का राज्यव्यापी पंजीकरण, वाहनों की बिक्री में निष्क्रिय इंजन मूल्य के संबंध में उचित व्यवस्था, कृषि उत्पादों का परिवहन करने वाले ट्रकों को ओवरलोडिंग चालान से छूट तथा चालकों की सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए विशेष कानून बनाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

 

गीता सोनी ने छत्तीसगढ़ के चालकों से दिल्ली पहुंचने की अपील की

 

भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी गीता सोनी ने प्रदेश के समस्त निजी परिवहन चालकों से 19 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर महाधरने को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चालकों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन देने से नहीं होगा, बल्कि इसके लिए ठोस नीतिगत निर्णय और प्रभावी कानून बनाने की आवश्यकता है। चालकों को उनका अधिकार, सम्मान और सुरक्षा मिलना बेहद जरूरी है।

 

महासंघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेश स्वामी ने कहा कि जब तक निजी परिवहन चालकों की जायज मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक BPTMM की संघर्ष यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से महासंघ के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित कर समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की है।

 

रायपुर बैठक में बनी दिल्ली आंदोलन की रणनीति

 

दिल्ली में आयोजित होने वाले महाधरने की तैयारियों को लेकर 13 नवंबर को रायपुर में महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी गीता सोनी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेश स्वामी, जिला BMS कार्यकारिणी सदस्य प्रशांत सोनी, रायपुर रेलवे स्टेशन प्राइवेट ऑटो चालक संघ के महासचिव दीपक मुंदियारा, जिला BMS सह-सचिव रानी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

बैठक में दिल्ली महाधरने की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक निजी परिवहन चालकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

महासंघ ने स्पष्ट किया है कि निजी परिवहन चालकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए यह आंदोलन निर्णायक साबित हो सकता है। अब सभी की निगाहें 19 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले इस महाधरने पर टिकी हैं।

विज्ञापन
spot_img
spot_img
spot_img
Latest News

पोरिया स्कूल में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर, विद्यार्थियों को दी गई कानून एवं अधिकारों की जानकारी

पोरिया स्कूल में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर, विद्यार्थियों को दी गई कानून एवं अधिकारों की जानकारी बाल विवाह, बाल...

More Articles Like This