सिमगा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय से जुड़ा मामला, परीक्षा नियमों के उल्लंघन और पद के दुरुपयोग के आरोप, शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग।
रायपुर । छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य पर अपनी ही बेटी को बोर्ड परीक्षा में कथित तौर पर अनुचित लाभ पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता पदुम टंडन द्वारा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर के सचिव को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय सिमगा के व्याख्याता एल.बी. श्री आशीष शर्मा वहां प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। इसी प्रकार शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में श्री आशुतोष शर्मा व्याख्याता एवं प्रभारी प्राचार्य के पद पर पदस्थ हैं।

शिकायतकर्ता ने दोनों के बीच पारिवारिक एवं रक्त संबंध होने का उल्लेख करते हुए परीक्षा केंद्रों के संचालन में संभावित हितों के टकराव पर सवाल उठाए हैं।

शिकायत में बताया गया है कि स्वामी आत्मानंद विद्यालय सिमगा का परीक्षा केंद्र क्रमांक 111135 तथा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा का परीक्षा केंद्र क्रमांक 111134 निर्धारित था।
बेटी की परीक्षा को लेकर गंभीर आरोप
शिकायत में सबसे गंभीर आरोप श्री आशीष शर्मा की पुत्री शुभिक्षा शर्मा की वर्ष 2025 की हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा को लेकर लगाया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, शुभिक्षा शर्मा का परीक्षा आवेदन निजी परीक्षार्थी के रूप में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा के माध्यम से जमा कराया गया था, जबकि उनका परीक्षा केंद्र उनके पिता के विद्यालय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सिमगा में निर्धारित था।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि परीक्षा केंद्र क्रमांक 111135 के केंद्राध्यक्ष स्वयं उनके पिता श्री आशीष शर्मा थे।

परीक्षा संचालन की प्रक्रिया पर उठे सवाल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि परीक्षा के दौरान संबंधित छात्रा परीक्षा प्रारंभ होने के लगभग एक घंटे बाद परीक्षा कक्ष में पहुंचती थी तथा उपस्थिति पत्रक में हस्ताक्षर और उत्तर पुस्तिका में रोल नंबर लिखने के बाद वापस चली जाती थी।
इसके अलावा शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि छात्रा की उत्तर पुस्तिका में उत्तर लेखन का कार्य विद्यालय के एक विषय संविदा शिक्षक से करवाया गया।
शिकायतकर्ता ने इस पूरे घटनाक्रम की सत्यता जानने के लिए उत्तर पुस्तिका की निष्पक्ष जांच एवं संबंधित अभिलेखों के परीक्षण की मांग की है।

परीक्षा परिणाम ने भी खड़े किए सवाल
शिकायत में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 19 अगस्त 2025 को घोषित परीक्षा परिणाम में शुभिक्षा शर्मा ने 500 में से 413 अंक अर्थात 82.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पूर्व शैक्षणिक प्रदर्शन और परीक्षा परिणाम के बीच अंतर को देखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
हालांकि, केवल परीक्षा परिणाम के आधार पर किसी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए उत्तर पुस्तिका, परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज, उपस्थिति पत्रक और अन्य संबंधित अभिलेखों की जांच जरूरी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष के पद पर रहते हुए अपने ही परिवार से संबंधित परीक्षार्थी की परीक्षा में किसी प्रकार का हितों का टकराव हुआ? क्या परीक्षा संचालन के निर्धारित नियमों का पालन किया गया? और क्या उत्तर पुस्तिका में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उत्तर लिखे जाने के आरोपों में कोई सच्चाई है?
फिलहाल शिकायतकर्ता पदुम टंडन ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव से पूरे मामले की बिंदुवार जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि शिक्षा मंडल इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
सवाल शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता का है और जवाबदेही तय होना जरूरी है।




