पोरिया स्कूल में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर, विद्यार्थियों को दी गई कानून एवं अधिकारों की जानकारी

बाल विवाह, बाल श्रम, बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया जागरूक, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
धरमजयगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के आदेशानुसार एवं तालुका विधिक सेवा समिति धरमजयगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रिया रजक के निर्देशों के परिपालन में 17 नवंबर 2026 को शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय पोरिया में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विद्यालय के प्रधान पाठक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर थाना कापू की पैरालीगल वॉलंटियर (PLV) श्रीमती सावित्री डनसेना ने विद्यार्थियों को कानून, उनके अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
उन्होंने नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल संरक्षण अधिनियम तथा बच्चों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार के महत्व को समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए बताया कि नशा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
शिविर में बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के संबंध में जागरूक किया गया तथा किसी भी अप्रिय परिस्थिति में सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने की समझाइश दी गई। इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत करने की प्रक्रिया भी बताई गई।
इस दौरान विभिन्न आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 शामिल हैं।
अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित शिक्षकों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी देते हुए इसके महत्व और आम नागरिकों को मिलने वाली विधिक सुविधाओं से अवगत कराया गया।
इस प्रकार शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।




