🍀 माह दिसम्बर : गुरु घासीदास बाबाजी की जयंती के आयोजन… कुछ आवश्यक बातें और हमारी सामाजिक जिम्मेदारियाँ
—
राकेश नारायण बंजारे
प्रदेश प्रवक्ता (साहित्य प्रकोष्ठ), प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज
दिसम्बर का महीना आते ही छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न प्रांतों में सतनाम पंथ के प्रवर्तक परम पूज्य गुरु घासीदास बाबाजी की जयंती समारोहों की तैयारियाँ प्रारंभ हो जाती हैं। 18 दिसम्बर को बाबाजी का जन्मदिवस होने के कारण यह पूरा महीना समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर गाँवों, नगरों, कस्बों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा एकदिवसीय से लेकर सप्ताहव्यापी आयोजनों तक की रूपरेखा बनाई जाती है। कहीं शोभायात्राएँ निकलती हैं, कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, तो कहीं सामाजिक सम्मेलन, विचार गोष्ठियाँ और विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं।
निश्चित रूप से ये आयोजन हमारी सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और गुरु घासीदास बाबाजी के विचारों के प्रचार-प्रसार के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लेकिन हमें यह भी विचार करना चाहिए कि जयंती समारोहों की सार्थकता केवल भीड़ जुटाने, बड़े मंच बनाने, महंगे साउंड सिस्टम लगाने अथवा भव्य आयोजन करने में नहीं है। वास्तविक सार्थकता इस बात में है कि इन आयोजनों से हम कितना कुछ सीखते हैं, समाज को क्या संदेश देते हैं और बाबाजी के विचारों को अपने जीवन में कितना उतार पाते हैं।
जयंती समारोह उत्सव के साथ आत्ममंथन, वैचारिक जागरण और सामाजिक परिवर्तन का अवसर भी होना चाहिए। इस दृष्टि से आयोजन करते समय कुछ महत्वपूर्ण बातों पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
01. गुरु घासीदास बाबाजी की जयंती का आयोजन सादगी, शालीनता और सात्विकता का पर्याय बनना चाहिए। आयोजन की भव्यता से अधिक उसके विचारों की श्रेष्ठता महत्वपूर्ण है। अनावश्यक आडंबर और दिखावे से बचते हुए ऐसा वातावरण बनाया जाए जिसमें बाबाजी के जीवन दर्शन और उनके उपदेशों की गरिमा बनी रहे।
02. कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। मंच से लेकर पंडाल और आसपास के परिसर तक स्वच्छता बनी रहे। किसी भी आयोजन की गरिमा उसके सुव्यवस्थित संचालन और अनुशासित वातावरण से बढ़ती है।
03. सांस्कृतिक कार्यक्रम मनोरंजन और प्रतिभा प्रदर्शन का माध्यम हैं लेकिन जयंती का मूल उद्देश्य गुरु बाबाजी के विचारों का प्रचार-प्रसार है। इसलिए केवल नृत्य, गायन और मनोरंजन तक आयोजन सीमित न रहे। गुरु घासीदास बाबाजी के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान, सतनाम दर्शन, सात सिद्धांतों और बयालिस अमृतवाणियों पर व्याख्यान, परिचर्चा और विचार गोष्ठियाँ भी आयोजित की जानी चाहिए।
04. जयंती समारोहों में आरती-वंदना के पर्चे, गुरु घासीदास बाबाजी के सात सिद्धांत, बयालिस अमृतवाणियाँ और उनके जीवन-दर्शन से संबंधित संक्षिप्त साहित्य का वितरण किया जाना चाहिए। उनके संदेशों का अर्थ भी लोगों को समझाया जाना चाहिए। इससे नई पीढ़ी को अपने महापुरुष के विचारों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
05. जयंती समारोहों में किसी भी प्रकार के भौंडे प्रदर्शन, अश्लील गीत-संगीत, अमर्यादित नृत्य और आपत्तिजनक प्रस्तुतियों से पूरी तरह परहेज किया जाना चाहिए। समरसता, समानता, भाईचारा, मानवीय संवेदना और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने वाले गीत-संगीत तथा प्रस्तुतियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। यह भी ध्यान रहे कि कार्यक्रम में महिलाएँ, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
06. अत्यधिक तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम से बचना चाहिए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित प्रशासनिक नियमों के अनुरूप हो। दिसम्बर की कड़ाके की ठंड को देखते हुए कार्यक्रमों का समय इस तरह निर्धारित किया जाए कि बुजुर्गों, बच्चों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। देर रात तक आयोजन होने की स्थिति में अलाव, गर्म पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए।
07. बाइक, कार अथवा अन्य वाहनों से शोभायात्रा निकालना अनिवार्य नहीं है। यदि शोभायात्रा आयोजित की जाती है तो प्रशासन की पूर्व अनुमति ली जाए तथा मार्ग, समय, वाहनों की संख्या, ठहराव और समापन स्थल पहले से निर्धारित हों। यातायात व्यवस्था बाधित न हो तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
08. शोभायात्रा अथवा वाहन रैली में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति बिल्कुल न दें। दोपहिया वाहनों पर हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से बचें। उत्साह के नाम पर ऐसा कोई कार्य न हो, जिससे किसी की जान जोखिम में पड़े। याद रखें, अनुशासनहीनता गुरु बाबाजी के विचारों की गरिमा के अनुकूल नहीं है।
09. बहुत बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर ही पूरा बजट खर्च करने के बजाय छोटे-छोटे कार्यक्रमों और स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया जाना चाहिए। एक ही स्थान पर अत्यधिक खर्च वाला बड़ा आयोजन करने के स्थान पर अलग-अलग गाँवों और मोहल्लों में छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इससे अधिक लोगों तक संदेश पहुँचेगा और अनेक प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।
10. स्थापित और ख्यातिलब्ध कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों, उभरते गायकों, साहित्यकारों, कवियों, वक्ताओं और स्कूली बच्चों को भी अवसर मिलना चाहिए। आसपास के गाँवों के प्रतिभाशाली बच्चों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भाषण, कविता पाठ, चित्रकला और अन्य प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया जाए। समाज की प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना भी जयंती आयोजन की एक बड़ी उपलब्धि हो सकती है।
11. बहुत बड़े मंच, भव्य पंडाल, महंगे साज-सज्जा, नामी कलाकारों और अनावश्यक तामझाम पर अत्यधिक धन खर्च करने से बचना चाहिए। इसी धन का कुछ हिस्सा मेधावी विद्यार्थियों, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को प्रोत्साहित करने में लगाया जा सकता है। एक विद्यार्थी को सम्मानित करना भी समाज के भविष्य को सम्मानित करने जैसा है।
12. जयंती समारोह के लिए सहयोग राशि एकत्र करते समय किसी व्यक्ति, परिवार अथवा दुकानदार पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। सहयोग पूरी तरह स्वैच्छिक होना चाहिए। आयोजन समिति को अपनी आर्थिक क्षमता के अनुरूप बजट बनाना चाहिए तथा आय-व्यय का स्पष्ट हिसाब रखना चाहिए। आयोजन समाप्त होने के बाद किसी पर आर्थिक बोझ या कर्ज का भार नहीं पड़ना चाहिए।
13. जयंती का संदेश केवल बड़े नगरों या बड़े पंडालों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। गाँवों की गलियों, मोहल्लों और छोटी बस्तियों में होने वाले आयोजनों को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। कम बजट में श्रद्धा और समर्पण के साथ आयोजन करने वाले लोगों को यथासंभव सहयोग मिले। बाबाजी का संदेश जितना अधिक स्थानों तक पहुँचेगा, आयोजन उतना ही सार्थक होगा।
14. किसी दूसरे गाँव या संगठन ने बड़ा आयोजन किया है इसलिए उससे भी बड़ा आयोजन करने की मानसिकता उचित नहीं है। जयंती समारोहों को आपसी प्रतिस्पर्धा और प्रतिष्ठा का प्रश्न न बनाया जाए। आयोजन की सफलता का मूल्यांकन पंडाल की लंबाई, मंच की ऊँचाई, भीड़ की संख्या अथवा खर्च की राशि से नहीं बल्कि उसके सामाजिक और वैचारिक प्रभाव से होना चाहिए।
15. गुरु घासीदास बाबाजी का अमर संदेश ‘मनखे-मनखे एक बरोबर’ है। इसका वास्तविक अर्थ है कि प्रत्येक मनुष्य समान सम्मान, अधिकार और गरिमा का अधिकारी है। जाति, वर्ग, ऊँच-नीच, अमीरी-गरीबी और अन्य भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को महत्व दिया जाए। जयंती के आयोजनों में इस संदेश का व्यावहारिक उदाहरण भी दिखाई देना चाहिए।
16. जयंती समारोह किसी संगठन, व्यक्ति अथवा समूह की शक्ति, प्रभाव या वर्चस्व दिखाने का माध्यम नहीं बनना चाहिए। यह किसी को छोटा या बड़ा साबित करने का अवसर भी नहीं है। गुरु बाबाजी का संदेश संपूर्ण मानव समाज के लिए है। इसलिए आयोजनों में आपसी सम्मान, सहयोग, सद्भाव और मानवीय एकता की भावना प्रमुख होनी चाहिए।
17. जयंती समारोहों में अलग-अलग संगठनों और सामाजिक समूहों के लोगों को भी सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाना चाहिए। महापुरुषों के विचारों के प्रचार-प्रसार में आपसी सहयोग का रास्ता खुला रहना चाहिए। किसी के प्रति पूर्वाग्रह, व्यक्तिगत कटुता अथवा संगठनात्मक प्रतिस्पर्धा को आयोजन पर हावी न होने दें।
18. मंचीय कार्यक्रमों में केवल पदाधिकारियों और अतिथियों के लंबे स्वागत भाषणों तक समय सीमित न रहे। ऐसे वक्ताओं को भी अवसर दिया जाए जिन्हें गुरु घासीदास बाबाजी के जीवन, दर्शन, इतिहास, सामाजिक सुधार और सतनाम परंपरा का गहन ज्ञान हो। वक्तव्य तथ्यपरक, सारगर्भित और प्रेरणादायक हों।
19. गुरु घासीदास बाबाजी के जीवन और सतनाम आंदोलन से संबंधित ऐतिहासिक तथ्यों को प्रमाणिकता के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए। नई पीढ़ी को यह समझाना आवश्यक है कि बाबाजी ने अपने समय में सामाजिक विषमता, अंधविश्वास और भेदभाव के विरुद्ध किस प्रकार मानवता, सत्य और समानता का संदेश दिया।
20. जयंती समारोहों में बच्चों और युवाओं की सहभागिता केवल दर्शक के रूप में न हो। उनके लिए निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, कविता पाठ और सतनाम दर्शन पर आधारित प्रतियोगिताएँ आयोजित की जानी चाहिए। युवाओं को समाज के इतिहास, शिक्षा, रोजगार, नशामुक्ति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने वाले कार्यक्रम भी होने चाहिए।
21. गुरु बाबाजी की जयंती पर नशापान, जुआ, सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और अनावश्यक खर्च जैसी बुराइयों के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लिया जाना चाहिए। लोगों को इसके लिए प्रेरित करने वाली ठोस गतिविधियाँ भी आयोजित की जानी चाहिए।
22. जयंती समारोहों में समाज की वास्तविक समस्याओं पर भी चर्चा होनी चाहिए। शिक्षा का स्तर, बेरोजगारी, युवाओं का भविष्य, महिलाओं की भागीदारी, आर्थिक आत्मनिर्भरता और संवैधानिक अधिकार जैसे विषयों पर परिचर्चा आयोजित की जा सकती है। महापुरुषों को याद करने का एक बेहतर तरीका उनके विचारों से प्रेरित होकर वर्तमान समस्याओं के समाधान तलाशना भी है।
23. माताओं और बहनों की उपस्थिति केवल दर्शक अथवा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित न रहे। आयोजन समिति, मंच संचालन, वक्तव्य, निर्णय प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना आयोजकों की जिम्मेदारी है।
24. जयंती समारोहों में प्लास्टिक और डिस्पोजेबल सामग्री का न्यूनतम उपयोग किया जाए। कार्यक्रम के बाद परिसर की सफाई सुनिश्चित करें। सार्वजनिक संपत्ति, सड़क, बिजली व्यवस्था और अन्य सरकारी संसाधनों को नुकसान न पहुँचे।
25. जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण, गरीब परिवारों की सहायता, पुस्तक वितरण और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियाँ आयोजित की जा सकती हैं।
26. सम्मान समारोहों में वास्तविक योगदान, उपलब्धियों और प्रतिभा को प्राथमिकता दी जाए। समाज के लिए निःस्वार्थ कार्य करने वाले व्यक्तियों, कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
27. जयंती आयोजन सामूहिक सहभागिता का विषय है। समिति में जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन हो। कार्यक्रम की रूपरेखा, बजट, अतिथि चयन, सुरक्षा, स्वच्छता और संचालन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। आपसी तालमेल और पारदर्शिता से ही आयोजन सफल और विवादरहित बन सकता है।
28. गुरु घासीदास बाबाजी की जयंती का उत्साह केवल दिसम्बर महीने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। वर्षभर उनके जीवन दर्शन, सात सिद्धांतों और बयालिस अमृतवाणियों के अध्ययन, प्रचार-प्रसार तथा सामाजिक उपयोग की गतिविधियाँ चलती रहनी चाहिए। विद्यालयों, सामाजिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर वैचारिक परिचर्चाएँ आयोजित की जा सकती हैं। जयंती के बाद भी उनके संदेशों को जीवन में बनाए रखना ही वास्तविक श्रद्धा है।
29. हर आयोजन के बाद समिति को आत्ममंथन करना चाहिए कि इस कार्यक्रम से समाज को क्या मिला? कितने नए लोग बाबाजी के विचारों से जुड़े? कितने विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिला? कितनी प्रतिभाओं को मंच मिला? क्या समाज में एकता और सद्भाव बढ़ा? क्या कोई उपयोगी सामाजिक पहल प्रारंभ हुई? ऐसे प्रश्नों के उत्तर ही आयोजन की वास्तविक सफलता निर्धारित करेंगे।
30. गुरु घासीदास बाबाजी का ‘मनखे-मनखे एक बरोबर’ का संदेश किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है। यह संपूर्ण मानवता के लिए समानता, प्रेम, सद्भाव और सम्मान का संदेश है। इसलिए जयंती समारोहों में सर्वसमाज की सहभागिता को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। विभिन्न समाजों के लोगों को आमंत्रित करें और उनके बीच संवाद एवं सद्भाव के अवसर तैयार करें। बाबाजी के विचार जितने अधिक लोगों तक पहुँचेंगे, मानवता का उतना ही अधिक कल्याण होगा।
आयोजन की भव्यता नहीं, विचारों की व्यापकता महत्वपूर्ण है!
गुरु घासीदास बाबाजी की जयंती मनाना निश्चित रूप से हम सबके लिए गौरव और श्रद्धा का विषय है। लेकिन हमें यह भी समझना होगा कि किसी महापुरुष के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा केवल उनकी जयंती मनाने, प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने, जैतखाम के समक्ष नमन करने अथवा बड़े-बड़े आयोजन करने से ही पूर्ण नहीं होती। उनकी शिक्षाओं को अपने आचरण और व्यवहार में उतारना भी उतना ही आवश्यक है।
यदि हम जयंती में लाखों रुपये खर्च करें, हजारों की भीड़ जुटाएँ, बड़े-बड़े मंच बनाएँ, लेकिन अपने व्यवहार में समानता, सत्य, सदाचार, अहिंसा और मानवता को स्थान न दें, तो हमें अपने आयोजनों की सार्थकता पर विचार अवश्य करना चाहिए।
हमारा प्रयास ऐसा होना चाहिए कि जयंती समारोहों से समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े, युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित हो, नशामुक्ति को प्रोत्साहन मिले, सामाजिक एकता मजबूत हो, प्रतिभाओं को अवसर मिले और सर्वसमाज में भाईचारे की भावना का विस्तार हो।
आइए सादगी से आयोजन करें, श्रद्धा से नमन करें, विचारों को आत्मसात करें और गुरू बाबाजी के ‘मनखे-मनखे एक बरोबर’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाएँ।




