स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड में ईएसआईसी शाखा प्रबंधक योगेश कुमार का आगमन, कर्मचारियों को योजनाओं की दी जानकारी

चिकित्सा सुविधा, बीमारी के दौरान आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ एवं दुर्घटना बीमा सहित ईएसआईसी से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में किया जागरूक
खरसिया। कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को ईएसआईसी (कर्मचारी राज्य बीमा निगम) के शाखा प्रबंधक, परसदा रायगढ़ श्री योगेश कुमार ने स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड के प्लांट परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों से संवाद कर ईएसआईसी योजना के अंतर्गत मिलने वाले विभिन्न लाभों एवं सुविधाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान श्री योगेश कुमार ने कर्मचारियों को ईएसआईसी के माध्यम से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, बीमारी के दौरान मिलने वाली आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ, कार्यस्थल पर दुर्घटना की स्थिति में मिलने वाले लाभ, दिव्यांगता सहायता सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि ईएसआईसी योजना कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कर्मचारियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं का सही तरीके से उपयोग करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया। इस जानकारीपूर्ण कार्यक्रम से कर्मचारियों को ईएसआईसी के तहत मिलने वाले अधिकारों, सुविधाओं एवं लाभों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड प्रबंधन ने कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए ईएसआईसी शाखा प्रबंधक श्री योगेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका हार्दिक धन्यवाद किया।




