ग्राम रानीसागर में रिश्तों का कत्ल: बेटे ने टंगिया से वार कर पिता की बेरहमी से की हत्या

शराब पीने की बात पर हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे माता-पिता पर बेटे ने किया हमला; पिता के सिर और पीठ पर किए कई वार, आरोपी पुलिस हिरासत में
खरसिया। थाना खरसिया क्षेत्र के ग्राम रानीसागर में पारिवारिक विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने की आदत को लेकर पिता द्वारा समझाइश दिए जाने से नाराज बेटे ने अपने ही पिता पर टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान मृतक धरम उर्फ श्रवण गिरी (65 वर्ष) का बेटा राजकुमार गिरी (36 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा। बेटे की रोजाना शराब पीने की आदत से परेशान पिता ने उसे समझाइश देते हुए कहा कि आज पूजा-पाठ का दिन है और घर चलाने के लिए पैसे तक नहीं हैं, इसके बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आ जाता है। इसी बात को लेकर राजकुमार आक्रोशित हो गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा।
सरपंच के घर शिकायत करने जा रहे थे माता-पिता
विवाद बढ़ने के बाद रात करीब 9 बजे धरम उर्फ श्रवण गिरी अपनी पत्नी के साथ घटना की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से टंगिया लेकर पहुंचे आरोपी बेटे ने सरपंच के घर के गेट के पास उन्हें रोक लिया। शिकायत करने जाने की बात से गुस्साए राजकुमार ने अपने पिता के सिर पर टंगिया से जोरदार वार कर दिया। हमले से गंभीर रूप से घायल होकर पिता जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी ने उनके सिर और पीठ पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव तथा फॉरेंसिक टीम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पत्नी श्रीमती शैलेन्द्र गिरी (62 वर्ष) के बयान के आधार पर थाना खरसिया में आरोपी राजकुमार गिरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 604/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस टीम ने फरार होने की फिराक में मौजूद आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने की नशे से दूर रहने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना को अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत किस तरह गंभीर अपराधों का रूप ले सकती है, यह घटना उसका दुखद उदाहरण है। शराब के नशे में आपा खोकर अपने ही पिता की हत्या करना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने समाज से अपील की कि नशे से दूर रहें, पारिवारिक विवादों को आपसी संवाद और समझदारी से सुलझाएं तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें। रायगढ़ पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




