⭕ *आदर्श ग्राम फूलबंधिया में स्थापित हुई बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा, भव्य समारोह में हुआ अनावरण*
——

*सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में गूंजा संविधान और समानता का संदेश, अतिथियों ने किया बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान*
खरसिया | भारतीय संविधान निर्माता, भारत रत्न एवं विश्वरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, आदर्शों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में आदर्श ग्राम फूलबंधिया ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर ग्राम फूलबंधिया में बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में सैकड़ों ग्रामीणों, सामाजिक प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में खरसिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री कमल गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के संरक्षक एवं खरसिया के पूर्व अध्यक्ष डॉ. भोजराम दीपक ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में महिपाल पंकज, जनपद पंचायत सभापति के प्रतिनिधि, भुवनेश्वर दीपक (डीडी साहब, सीएसपीडीसीएल), महेश साहू (छाया विधायक खरसिया), राकेश नारायण बंजारे, प्रदेश प्रवक्ता (साहित्य प्रकोष्ठ) प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, लकेश्वरी देवा लहरे, पूर्व अध्यक्ष जनपद पंचायत मालखरौदा, रुक्मणी भारद्वाज (जिला उपाध्यक्ष सक्ती, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज) एवं सामाजिक कार्यकर्ता बसंत नारंग सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ प्रतिमा स्थल के मंच एवं चबूतरे का फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात शिलालेख का लोकार्पण हुआ और उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति में बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। अनावरण के उपरांत तथागत भगवान गौतम बुद्ध के समक्ष पुष्प अर्पित कर बुद्ध वंदना की गई तथा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन व्यक्त किए गए। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया।
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए बाबा साहब की प्रतिमा के चबूतरे के सामने दो पौधों का रोपण किया गया। वहीं टी.आर. कुर्बान, कौशल्या बघेल एवं उनकी टीम ने बाबा साहब के विचारों पर आधारित गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने भी आयोजन को आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के महत्व, संवैधानिक अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी प्रतिमा की स्थापना आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, स्वाभिमान, समानता और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। बाबा साहब के विचारों को जीवन में अपनाकर ही एक समतामूलक और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में तोरन कुमार लक्ष्मी, अध्यक्ष शाला विकास समिति, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोण्डका एवं पूर्व अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज, ब्लॉक खरसिया, आनंद लक्ष्मी, पूर्व उपसरपंच आदर्श ग्राम फूलबंधिया, बी.आर. खड़बंधे, जिला उपाध्यक्ष रायगढ़, वैद्यराज रोहन लाल भारद्वाज, जयप्रकाश गबेल, एल.डी. पटेल, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोण्डका एवं अन्य शिक्षकगण, रामाधार बंजारे, पूर्व अध्यक्ष, मनीराम सोनी, महासचिव, ओमप्रकाश बंजारे, उपाध्यक्ष, समारू लाल खंडेलवाल, पत्रकार हलधर रात्रे, जागेश लक्ष्मे, डॉ रमेश टंडन, कुर्रे सर, पटेल सर, अँजना श्वेता लक्ष्मी, धनसाय बघेल, जीवन भारद्वाज, अनिल कुर्रे, राधेलाल बघेल, दीपक कुर्रे, आकाश दीपक एवं प्रदीप लक्ष्मे सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूज्य भंतेजनों जी की उपस्थिति भी आयोजन का विशेष आकर्षण रही।
समारोह में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, युवा, बच्चे और वरिष्ठजन शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सहयोगकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा का अनावरण फूलबंधिया के लिए एक महत्वपूर्ण और स्मरणीय उपलब्धि बन गया। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को निरंतर शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक चेतना का संदेश देती रहेगी।




