प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मेलन में खरसिया के पत्रकारों ने की सहभागिता

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों की मांगों पर सकारात्मक पहल का दिया भरोसा
खरसिया। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मेलन में खरसिया के पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को बिलासपुर स्थित लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। इस अवसर पर खरसिया क्षेत्र से पहुंचे पत्रकारों को भी मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने की वही विशिष्ट अतिथि के तौर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला शामिल हुए ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर नमन करने के साथ हुआ। इसके पश्चात पत्रकार संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी द्वारा प्रदेश के पत्रकार के हितों को देखते हुए पत्रकार सुरक्षा, पेंशन, पत्रकार कालोनी व पत्रकार भवन सहित बहुत सी मांगे उप मुख्यमंत्री के सामने रखी जिस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी। पत्रकार कल्याण एवं पत्रकारों के हितों से जुड़े कार्यों के लिए आर्थिक संसाधनों की कमी नहीं आने देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा के मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने पत्रकार साथियों से आग्रह किया कि किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उसके तथ्यों की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। संबंधित विषय या घटना से जुड़े व्यक्ति का पक्ष और बयान भी जरूर लें, ताकि समाचार तथ्यपरक, संतुलित और प्रभावशाली बन सके। उन्होंने जिम्मेदार एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व पर भी जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान खरसिया क्षेत्र से पहुंचे पत्रकारों को उनके पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान एवं सहभागिता के लिए मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया जिसमे प्रमुख रूप से ब्लाक अध्यक्ष प्रहलाद बंसल, सचिव जगदीश मित्तल, कोषाध्यक्ष धीरज राठौर, मनीष अग्रवाल, हेमलाल कुर्रे, अमित साहू को सम्मानित किया गया।




