जांजगीर-चांपा जिले के कृषि विभाग द्वारा 29 मई से 12 जून तक चलेगा विकसित कृषि संकल्प अभियान
जांजगीर-चांपा: जिले के किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने और खरीफ सीजन की बेहतर तैयारी हेतु कृषि विभाग द्वारा 29 मई से 12 जून तक ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर संचालित हो रहा है जांजगीर-चांपा जिला, जो कृषि के क्षेत्र में उन्नत जिलों में गिना जाता है, यहां के अधिकारी-कर्मचारी कलेक्टर जन्मेजय महोबे के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उपसंचालक कृषि ललीत मोहन भगत ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीकों, और नवाचारों से जोड़ना है।
अभियान की प्रमुख बातें:
राज्य के निर्देशानुसार, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मछलीपालन विभागों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। हर टीम के साथ एक कृषि रथ रहेगा, जो प्रतिदिन 6 ग्रामों में भ्रमण करेगा। किसानों के बीच वैज्ञानिक परिचर्चा व कृषक पाठशालाएं आयोजित की जाएंगी।
जानकारी दी जाएगी: धान की सीधी बुआई, ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक व जैविक खेती नई धान किस्म एम.टी.यू 1318, संतुलित उर्वरक और कीटनाशक उपयोग। पशुओं की मौसमी बीमारियां, उद्यानिकी फसलें और सरकारी योजनाएं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों का आधार व भूमि सीडिंग भी किया जाएगा।प्रगतिशील कृषकों को भी मंच दिया जाएगा ताकि वे अपने नवाचार साझा कर सकें।
शिविर कार्यक्रम (29 मई – 12 जून):
नवागढ़: 20 ग्रामों में शिविर
बम्हनीडीह: 14 शिविर
पामगढ़: 14 शिविर
अकलतरा: 14 शिविर
बलौदा: 16 शिविर
कुल: 78 शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
यह अभियान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता में गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे जिले के किसान आधुनिक कृषि के प्रति और अधिक जागरूक एवं सक्षम बन सकें।
– उपसंचालक कृषि, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)