किरारी में 13 नवंबर से पांच दिवसीय गुरु घासीदास जयंती समारोह का होगा भव्य आयोजन

सतनाम के संदेश से गूंजेगा ग्राम किरारी, 18वें वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी गुरु घासीदास बाबा की जयंती
गुरमोहन लहरें….
सक्ती/मालखरौदा। परम पूज्य संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती के पावन अवसर पर ग्राम किरारी (मालखरौदा), जिला सक्ती में पांच दिवसीय गुरु घासीदास जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन लगातार 18वें वर्ष आयोजित होने जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को ध्वजारोहण एवं पूजा-अर्चना के साथ होगा। वहीं 13 नवंबर से 17 नवंबर तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 18 नवंबर, बुधवार को प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन होगा।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं, सतनाम पंथ के अनुयायियों, पंथी पार्टी, गायक, वादक एवं वक्ताओं का विशेष सम्मान किया जाएगा। साथ ही गुरु घासीदास बाबा जी के जीवन दर्शन, उनके आदर्शों तथा समाज को दिए गए सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री रामकुमार यादव जी, विधायक चंद्रपुर एवं श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर जी की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री कौशल प्रसाद रात्रे जी, सरपंच ग्राम पंचायत किरारी करेंगे। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्राम के पदाधिकारियों, युवाओं एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन समिति ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित समस्त सतनामी समाज एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु घासीदास बाबा जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की है।
गौरतलब है कि गुरु घासीदास बाबा जी ने समाज को मनखे-मनखे एक समान का महान संदेश दिया। उनका जीवन दर्शन सामाजिक समरसता, भाईचारे, सत्य और समानता की प्रेरणा देता है। पांच दिवसीय यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
आयोजन स्थल: ग्राम किरारी, विकासखंड मालखरौदा, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़)।
आयोजन अवधि: 13 नवंबर से 18 नवंबर 2026।
आयोजक: समस्त ग्रामवासी – किरारी।




