धमतरी डेस्क ……
..धमतरी नगर निगम में भ्रष्टाचार अब किसी से छिपा नहीं रहा। निगम की सभापति कौशल्या देवांगन ने खुद प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा को लिखित शिकायत देकर भवन अनुज्ञा में अवैध वसूली का मामला उठाया है।

इस पर कटाक्ष करते हुए नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि “भवन अनुज्ञा में अवैध वसूली का मामला किसी से छिपा नहीं है। अब नगर निगम के जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठी सभापति कौशिल्या देवांगन द्वारा खुद भवन अनुज्ञा से अवैध वसूली की शिकायत प्रभारी मंत्री को लिखित में की गई है। इससे सार्वजनिक हो गया है कि नगर निगम में खुलकर भ्रष्टाचार हो रहा है।”
दीपक सोनकर ने कहा “नगर निगम में बैठे जिम्मेदार लोग रोज कहते हैं कि नगर निगम में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं हो रहा और ये विष्णु देव की सुशासन की सरकार है। सभापति की ये शिकायत उनके मुंह पर करारा तमाचा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि “पिछले डेढ़ वर्षों में सिर्फ भवन अनुज्ञा के नाम से अवैध वसूली का बड़ा खेल चल रहा है। अब ये सार्वजनिक हो गया है क्योंकि ये आरोप खुद सत्ता पक्ष के जिम्मेदार पद पर बैठे सभापति द्वारा लगाया जा रहा है।समाचार से मिली जानकारी अनुसार मेडिकल प्रतिष्ठान के नक्शा अनुमोदन के नाम से , डाक्टर के हॉस्पिटल के निर्माण के नाम से, मेगा मार्केट सहित कई व्यापारियों से अवैध वसूली की चर्चाएं अब चौक चौराहे पर होने लगी है ।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि प्रभारी मंत्री तुरंत उच्च स्तरीय जांच बैठाएं, दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही करे नहीं तो आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्षद दल द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा ।





