धमतरी डेस्क ……

…..नगर निगम धमतरी का पहला दायित्व शहर की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन आज शहर की स्थिति बेहद चिंताजनक है। शहर की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
शहर के चारों ओर स्ट्रीट लाइट महीनों से बंद पड़ी हैं, लेकिन नगर निगम उनका नियमित मेंटेनेंस तक नहीं करा पा रहा है। रात के समय कई इलाकों में अंधेरा रहता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी तरह शहर की नालियां बजबजा रही हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और बदबू की समस्या बढ़ रही है। नगर निगम को चाहिए कि वह आयोजन और प्रचार-प्रसार से पहले जनता की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान दे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करना गलत नहीं है, लेकिन जनता की मूलभूत सुविधाओं की कीमत पर ऐसे आयोजनों को प्राथमिकता देना उचित नहीं है। शहर के युवाओं को जोड़ने के बजाय यदि किसी आयोजन के माध्यम से उनके बीच आपसी मतभेद और खाई बढ़ाने का काम किया जा रहा है, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
नगर निगम को राजनीति से ऊपर उठकर सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं पर तत्काल ध्यान देना चाहिए। जनता को कार्यक्रम नहीं, सबसे पहले अपने शहर में बेहतर सड़क, रोशनी और स्वच्छ वातावरण चाहिए।
धमतरी की जनता के टैक्स के पैसे का इस्तेमाल जनता की सुविधा के लिए होना चाहिए, न कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने के लिए।




